दरभंगा जिले के कुशेश्वरस्थान में अवैध एनआईसीयू और पैथोलॉजी क्लिनिक सील

 

दरभंगा, 09 जुलाई (हि.स.)। दरभंगा जिला अंतर्गत कुशेश्वरस्थान प्रखंड के बेरी चौक स्थित वरदान हॉस्पिटल के संरक्षण में संचालित अवैध एनआईसीयू एवं पैथोलॉजी क्लिनिक पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दोनों संस्थानों को सील कर दिया। यह कार्रवाई अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) शशांक राज के निर्देश पर की गई।

निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने पाया कि अस्पताल परिसर में संचालित एनआईसीयू और पैथोलॉजी क्लिनिक के पास संचालन के लिए कोई वैध लाइसेंस (अनुज्ञप्ति) नहीं था। साथ ही दोनों संस्थानों में निरीक्षण के समय कोई योग्य चिकित्सक भी मौजूद नहीं मिला। इन गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए एसडीओ ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. आरव आनंद को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद अवैध रूप से संचालित एनआईसीयू एवं पैथोलॉजी क्लिनिक को मौके पर ही सील कर दिया गया।

प्रशासन ने वरदान हॉस्पिटल में भर्ती सभी मरीजों को एक सप्ताह के भीतर अन्य अस्पतालों में स्थानांतरित कर अस्पताल का संचालन बंद करने तथा आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश भी दिया है। एसडीओ शशांक राज ने कहा कि बिना वैध लाइसेंस और निर्धारित मानकों के किसी भी स्वास्थ्य संस्थान का संचालन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रखेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra