अवैध बालू कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
बेतिया, 19 मई (हि.स.)। पश्चिम चंपारण ज़िला के लौरिया थाना पुलिस ने अवैध सफेद बालू के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो बालू लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया है। यह कार्रवाई थाना क्षेत्र के जवाहरपुर घाट के समीप गुप्त सूचना के आधार पर देर रात चलाए गए विशेष अभियान के दौरान की गई। पुलिस की दबिश देखते ही चालक अंधेरे का फायदा उठाकर ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़ मौके से फरार हो गए।
थानाध्यक्ष इन्द्रजीत पासवान ने बताया कि जब्त दोनों वाहनों को थाना लाकर सुरक्षित रखा गया है तथा मामले की सूचना खनन विभाग को दे दी गई है। उन्होंने कहा कि ट्रैक्टरों के नंबर का सत्यापन कराया जा रहा है, जिसके बाद वाहन मालिकों की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध बालू कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। छापेमारी दल में दरोगा जयसल कुमार, सुग्रीव कुमार शाह, अमित कुमार समेत गश्ती दल के जवान शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक