कोठीहाट नहर में अवैध मिट्टी खनन की सूचना पर पुलिस की कार्रवाई, ट्रैक्टर जब्त
अररिया,03 अक्टूबर(हि.स.)। खनन के खिलाफ कार्रवाई के बावजूद अवैध रूप से खनन का काम लगातार जारी है।खनन माफिया अवैध रूप से रात के अंधेरे में नहर और सरकारी भूमि से मिट्टी का खनन कार्य को अंजाम दे रहे हैं।फारबिसगंज के भागकोहलिया पंचायत स्थित कोठीहाट नहर में अवैध रूप से मिट्टी खनन किए जाने की सूचना पर शनिवार को फारबिसगंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके से एक ट्रैक्टर को पकड़ लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना के संबंध में स्थानीय लोगों ने बताया कि नहर में लंबे समय से अवैध रूप से मिट्टी खनन किए जाने की शिकायत सामने आती रही है। लोगों के अनुसार, रात के अंधेरे में तो मिट्टी की खुदाई होती ही है, साथ ही दिन के समय भी कथित रूप से खनन का कार्य किया जाता है। इससे नहर की संरचना और आसपास के क्षेत्र पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों ने मामले में प्रशासन से अवैध मिट्टी खनन पर प्रभावी रोक लगाने तथा इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इधर, फारबिसगंज थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर