अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, भारी मात्रा में हथियार और लेथ मशीन बरामद
कटिहार, 24 जुलाई (हि.स.)। कटिहार जिले के बरारी थाना क्षेत्र में पुलिस और एसटीएफ ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार निर्माण करने वाली मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में निर्मित व अर्धनिर्मित हथियार, हथियार बनाने के उपकरण और एक मोटर लेथ मशीन बरामद की है, साथ ही एक कुख्यात हथियार तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई की रात्रि में बरारी पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बलुआ से कलिकापुर जाने वाली सड़क पर सूजापुर चौक से कुछ दूरी पर बांसभिट्ठी के समीप टीन से निर्मित एक मकान में अवैध रूप से गन फैक्ट्री चलाई जा रही है। इस पुख्ता सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए बरारी थानाध्यक्ष ने पुलिस बल और एसटीएफ टीम के साथ संयुक्त रूप से उक्त ठिकाने पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान जब पुलिस दल मौके पर पहुँचा, तो एक व्यक्ति ने वहाँ से भागने का प्रयास किया, जिसे पुलिस बल की तत्परता और मुस्तैदी से तुरंत दबोच लिया गया। पूछताछ में पकड़े गए युवक ने अपना नाम मो. रजाउल अंसारी (उम्र 23 वर्ष), पिता- मुस्तकिम अंसारी, ग्राम- कजरा, थाना- बरारी, जिला- कटिहार बताया है।
अभियुक्त के मकान की विधिवत तलाशी लेने पर अवैध हथियार निर्माण से जुड़ी कई सामग्रियां और आधुनिक हथियार हाथ लगे। पुलिस द्वारा बरामद किए गए सामानों में 01 बड़ी दोनाली बंदूक, 04 देशी कट्टा, 01 अर्धनिर्मित कट्टा, 03 देशी कट्टा के बैरल, 03 अर्धनिर्मित देशी कट्टा, 01 देशी कट्टा का बॉडी, 01 लोहे का फरमा, 03 देशी कट्टा के ट्रिगर, 02 खोखा, 01 मोटर लेथ मशीन और 01 मोबाइल फोन शामिल है।
इस संबंध में बरारी थाना में कांड संख्या- 212/26 दर्ज कर लिया गया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से सघन पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस अवैध नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा इन हथियारों की आपूर्ति कहाँ-कहाँ की जाती थी।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह