अवैध उजला बालू खनन बना जानलेवा, दो बच्चों की मौत के बाद प्रशासन की कार्रवाई

 


सुपौल, 22 जून (हि.स.)।

जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के ठाढी भवानीपुर पंचायत के वार्ड संख्या-5 और जीवछपुर के वार्ड संख्या-6 में लंबे समय से जारी अवैध उजला बालू खनन अब ग्रामीणों के लिए गंभीर खतरे का कारण बन गया है।

खनन से बने गहरे गड्ढों में पानी भर जाने से लगातार हादसों की आशंका बनी रहती है। इसी महीने दो मासूम बच्चों की डूबने से हुई मौत के बाद प्रशासन और खनन विभाग हरकत में आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में वर्षों से कुछ प्रभावशाली लोगों द्वारा अवैध बालू खनन का कारोबार संचालित किया जा रहा है।

हालांकि भय और दबाव के माहौल के कारण अधिकांश लोग खुलकर इसके खिलाफ आवाज उठाने से बच रहे हैं।स्थानीय लोगों के अनुसार अवैध खनन से बने गहरे गड्ढों में बरसात का पानी जमा हो जाता है, जिससे बच्चों और मवेशियों के लिए हमेशा खतरा बना रहता है। हाल ही में दो बच्चों की डूबकर हुई मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया और प्रशासन पर कार्रवाई का दबाव बढ़ गया।घटना के बाद 19 जून को जिला खनन विभाग की टीम ने ठाढी भवानीपुर और जीवछपुर में विशेष छापेमारी अभियान चलाया।

जांच के दौरान कुल नौ स्थानों पर अवैध रूप से बालू का भंडारण पाया गया। खनन विभाग के निरीक्षक के अनुसार वार्ड संख्या-5 में लगभग 16,500 घन फीट तथा वार्ड संख्या-6 में करीब 5,000 घन फीट उजले बालू का अवैध भंडारण मिला। इस तरह कुल 21,500 घन फीट बालू जब्त सूची में दर्ज किया गया।हालांकि जांच के दौरान अवैध खनन या भंडारण के वास्तविक संचालकों की पहचान नहीं हो सकी। विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों से जानकारी जुटाने का प्रयास किया, लेकिन किसी ने भी कारोबारियों का नाम बताने की हिम्मत नहीं दिखाई। ग्रामीणों का कहना है कि अवैध खनन से जुड़े लोगों के खिलाफ बोलने पर उन्हें प्रताड़ना और दबाव का सामना करना पड़ सकता है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए खनन विभाग की शिकायत पर पिपरा थाना में कांड संख्या 213/26 दर्ज किया गया है।

अवैध बालू भंडारण करने वाले अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और बालू माफिया के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। विभागीय कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध खनन से जुड़े लोगों के बीच हड़कंप की स्थिति है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि अवैध खनन पर रोक नहीं लगी तो दोषियों के खिलाफ और कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र