दुकान की रेकी करते दो संदिग्ध गिरफ्तार, देशी कट्टा व मास्टर चाभी बरामद

 




सीवान, 28 जून (हि.स.)। जिले के गोरेयाकोठी थाना क्षेत्र में पुलिस ने विशेष छापेमारी अभियान के दौरान दो संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार कर उनके पास से एक देशी कट्टा, एक चाकू, एक मास्टर चाभी, एक पेचकस, तीन मोबाइल फोन तथा दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट एवं बीएनएस की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक पुरन कुमार झा ने बताया कि 27 जून की रात गोरेयाकोठी थाना पुलिस विशेष छापेमारी अभियान चला रही थी। इसी दौरान अफराद मोड़ के समीप दो मोटरसाइकिलों पर सवार दो संदिग्ध युवक एक दुकान के पास खड़े होकर ताले की रेकी और संदिग्ध गतिविधियां करते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने संदेह के आधार पर दोनों को पकड़ने का प्रयास किया तो वे भागने लगे, लेकिन त्वरित घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया गया।

तलाशी के दौरान दोनों के पास से एक देशी कट्टा, एक चाकू, एक मास्टर चाभी, एक पेचकस, तीन मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल बरामद हुई। पूछताछ में गिरफ्तार युवकों ने अपनी पहचान अभिषेक कुमार, पिता प्यारेलाल साह, निवासी बालबंगरा, थाना दरौंदा तथा राजू कुमार, पिता जगलाल महतो, निवासी बालबंगरा, थाना दरौंदा, जिला सीवान के रूप में बताई।

एसपी ने बताया कि इस मामले में गोरेयाकोठी थाना में बीएनएस की संबंधित धाराओं तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)ए, 26 एवं 35 के तहत कांड दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने कहा कि जिले में अपराध नियंत्रण और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma