यज्ञ स्थल पर अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार देशी पिस्टल व तीन कारतूस बरामद

 




सीवान, 25 मई (हि.स.)। सीवान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के भादा खुर्द शिव मंदिर के पास चल रहे यज्ञ स्थल पर अवैध हथियार लेकर हंगामा कर रहे एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवक के पास से एक देशी पिस्टल एवं तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार रविवार की रात करीब 11 बजे मुफ्फसिल थाना पुलिस को सूचना मिली कि भादा खुर्द शिव मंदिर के समीप आयोजित यज्ञ स्थल पर एक युवक हथियार लेकर लोगों के बीच हंगामा कर रहा है। सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस वाहन को देखते ही युवक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे खदेड़ कर पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान युवक के पास से एक देशी पिस्टल और तीन कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ में उसने अपनी पहचान दीपक कुमार जायसवाल, पिता स्वर्गीय कन्हैया साह, निवासी मखदुमसराय, थाना सराय, जिला सीवान के रूप में बताई।

इस मामले में मुफ्फसिल थाना में आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी) ए/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई करने वाली टीम में मुफ्फसिल थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार सिंह सहित थाना के अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma