नवादा के ककोलत जलप्रपात में आईआईटी रुड़की के छात्र की डूबने से मौत, 18 घंटे बाद भी नहीं मिली लाश
नवादा, 20 मई (हि.स.)। बिहार के ककोलत जलप्रपात में आईआईटी रुड़की के एक छात्र की नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना के 18 घंटे बीत जाने के बावजूद अब तक शव का पता नहीं चल सका है, जिससे परिजन में कोहराम मचा हुआ है और इलाके में सनसनी फैल गई है।
नवादा के थाली थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध ककोलत जलप्रपात में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के बेलधा गांव निवासी धर्म राज की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
मिली जानकारी के अनुसार, धर्म राज अपने दोस्तों के साथ ककोलत जलप्रपात घूमने गया था. इसी दौरान वह पहाड़ी के ऊपरी हिस्से में बने गहरे पानी वाले स्थान पर नहाने चला गया।
बताया जा रहा है कि अचानक गहराई में चले जाने के कारण वह डूब गया। जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां पानी काफी गहरा बताया जा रहा है।
मृतक धर्म राज (पिता-हेमंत राज) आईआईटी रुड़की से बीटेक की पढ़ाई कर रहा था। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. हालांकि शव की बरामदगी नहीं हो सकी है। पुलिस के साथ स्थानीय गोताखोरों द्वारा तलाश जारी है.।
'
लाश कहीं नीचे जाकर फंस गयी है' :
थाली थाना अध्यक्ष ने बताया कि इस घटना में स्थानीय गोताखोरों द्वारा शव की तलाश की गई, लेकिन अभी तक शव बरामद नहीं हो सका है। लाश कहीं नीचे जाकर फंस गयी है। अधिक विस्तृत जानकारी नवादा आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा दी जाएगी।
एनडीआरएफ की टीम बिहटा से नवादा के लिए रवाना हो चुकी है। इसके बाद वह प्रशिक्षित टीम शव को बाहर निकाल पाएगी।
परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल : इधर घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बेलधा गांव सहित पूरे इलाके में मातमी छाया हुआ है. परिवार वाले धर्म राज के लिए तड़प रहे हैं. लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन