सदर अस्पताल सीवान में 30 जून तक चार बेड का आधुनिक आईसीयू एमएम होगा तैयार
सीवान, 26 जून (हि.स.)।जिले के गंभीर मरीजों को अब इलाज के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
मॉडल सदर अस्पताल में चार बेड का अत्याधुनिक आईसीयू (इंटेंसिव केयर यूनिट) युद्धस्तर पर तैयार किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने 30 जून तक इसे पूरी तरह चालू करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। आईसीयू शुरू होने से गंभीर मरीजों को समय पर जीवनरक्षक उपचार मिल सकेगा और रेफर होने में होने वाली देरी से होने वाली मौतों पर भी काफी हद तक अंकुश लगने की उम्मीद है।
शुक्रवार को सिविल सर्जन डॉ. श्रीनिवास प्रसाद ने मॉडल सदर अस्पताल की दूसरी मंजिल पर बन रहे आईसीयू का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित इंजीनियरों को तय समय से पहले कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिले की जनता को जल्द से जल्द बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है।
सिविल सर्जन ने बताया कि आईसीयू के लिए आवश्यक वेंटिलेटर अस्पताल पहुंच चुका है। ऑक्सीजन लाइन और जीवनरक्षक दवाओं की व्यवस्था अंतिम चरण में है। यदि सभी तैयारियां समय पर पूरी हो गईं तो 29 जून तक आईसीयू संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि शुरुआती दौर में वर्तमान चिकित्सकों की सेवाएं ली जाएंगी। एमडी मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. निखिल कुमार भी मरीजों के उपचार में अपनी सेवाएं देंगे।
आईसीयू संचालन के लिए स्वास्थ्यकर्मियों को वेंटिलेटर चलाने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जबकि अन्य कर्मियों को भी प्रशिक्षित किया जाएगा ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
सिविल सर्जन ने बताया कि आईसीयू में कार्डियक मॉनिटर, वेंटिलेटर, सिरिंज पंप और ईसीजी मशीन जैसी अत्याधुनिक जीवनरक्षक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। एनेस्थेटिस्ट की कमी को दूर करने के लिए दो चिकित्सकों की व्यवस्था की जा रही है, जबकि एक एनेस्थेटिस्ट पहले से उपलब्ध हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि भविष्य को देखते हुए सदर अस्पताल परिसर में 23.75 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड वाले क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण भी शुरू हो चुका है।
इसके बनने के बाद जिले में गंभीर मरीजों के इलाज की क्षमता कई गुना बढ़ जाएगी और बड़ी संख्या में मरीजों को बाहर रेफर करने की आवश्यकता कम होगी। निरीक्षण के दौरान जिला मलेरिया पदाधिकारी डॉ. ओपी लाल, डॉ. अनूप कुमार दुबे तथा अस्पताल प्रबंधक कमलजीत कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma