आईसीडीएस की संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गयी

 


अररिया 18 मार्च(हि.स.)। समेकित बाल विकास परियोजना के जिला प्रोग्राम पदाधिकारी कविता कुमारी की अध्यक्षता में डीआरडीए सभागार में सभी परियोजनाओं की महिला पर्यवेक्षिकाओं एवं प्रखंड समन्वयकों के साथ समीक्षात्मक बैठक की गई। बैठक में आईसीडीएस द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की क्रमवार समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान जिला प्रोग्राम पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आगामी वित्तीय वर्ष में कोई भी आंगनबाड़ी केंद्र कच्चे मकान में संचालित नहीं होगा। साथ ही केंद्रों पर साफ-सफाई एवं सभी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में महिला पर्यवेक्षिकाओं को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा गया कि आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर सबसे पहले संबंधित पर्यवेक्षिका के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा पोषण ट्रैकर में सभी गतिविधियों को समय पर सही तरीके से अपलोड एवं सत्यापित करने का निर्देश दिया गया।

जिला प्रोग्राम पदाधिकारी ने मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत आवेदनों के निष्पादन में तेजी लाने पर बल देते हुए सभी लंबित आवेदनों को 24 घंटे के भीतर निष्पादित करने का सख्त निर्देश दिया गया। साथ ही परवरिश योजना के लाभुकों का सही सर्वे कर निर्धारित प्रपत्र में रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया, ताकि योग्य लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ मिल सके।

बैठक में जिला प्रोग्राम कार्यालय के कुणाल श्रीवास्तव, सोहेब रूमी, अनुज रंजन, अखिलेश कुमार, सभी प्रखंड समन्वयक एवं यूनिसेफ के प्रतिनिधि आशुतोष कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर