ट्रैक्टर सवार पति-पत्नी की मौत, परिवार में मचा कोहराम

 


नवादा, 29 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-20 पर रविवार को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के ओढ़नपुर ओवरब्रिज के समीप भीषण सड़क हादसे में ट्रैक्टर सवार पति-पत्नी की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार टैंकर ने ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

मृतकों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के निर्मल बीघा गांव निवासी चंद्रिका यादव और उनकी पत्नी लखिया देवी के रूप में की गई है। बताया जाता है कि दोनों पति-पत्नी ट्रैक्टर पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान ओढ़नपुर ओवरब्रिज के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार टैंकर ने ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए और घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

घटना के बाद टैंकर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार होने में सफल रहा। हादसे की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। पति-पत्नी की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। इससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई।

सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। एक साथ पति-पत्नी की मौत से निर्मल बीघा गांव में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन