छपरा-सीवान रोड पर सड़क दुर्घटना में दंपती को बालू लदे ट्रक ने रौंदा पति की मौत
सारण, 15 जून (हि.स.)। जिले में एकमा रसूलपुर छपरा-सीवान एनएच-531 पर रसूलपुर महेंद्रनाथ स्टेशन मोड़ के समीप एक सड़क हादसा हो गया। प्रसिद्ध महेंद्रनाथधाम से पूजा-अर्चना कर बाइक से लौट रहे दंपती को एक बालू लदे ट्रक ने रौंद डाला। इस दुर्घटना में पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई।
मृतक की पहचान एकमा नगर पंचायत के हंसराजपुर गांव निवासी पप्पू मांझी के रूप में हुई है, वहीं उनकी घायल पत्नी मुन्नी देवी को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति में पटना रेफर किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार छपरा की ओर से आ रहा ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर रॉन्ग साइड में चला गया और नाले के किनारे बाइक सवार दंपती को चपेट में ले लिया। हादसे में पप्पू का सिर कुचल जाने से तत्काल मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी ट्रक के नीचे फंस गईं, जिन्हें स्थानीय लोगों ने बाहर निकाला। घटना के बाद चालक भीड़ का फायदा उठाकर भाग निकला।
इस घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों ने चालक की गिरफ्तारी को लेकर थाने पर आक्रोश भी जताया। थानाध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस मार्ग पर आए दिन ऐसी दुर्घटनाएं हो रही हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार