पत्नी की हत्या में पति गिरफ्तार, सहयोगी भी पकड़ा गया

 

कटिहार, 27 फरवरी (हि.स.)। जिले के सेमापुर थाना पुलिस ने शुक्रवार को एक पत्नी हत्या कांड का उद्भेदन करते हुए पति एहतेसाम हुसैन और उसके सहयोगी विकास कुमार को गिरफ्तार किया है। उक्त घटना 16 फरवरी की रात की है, जब शरीफा खातून की हत्या कर दी गई थी।

सेमापुर पुलिस के अनुसार, एहतेसाम हुसैन ने 17 फरवरी को सेमापुर थाना में अपनी पत्नी की हत्या की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें उसने तीन अज्ञात व्यक्तियों पर आरोप लगाया था। लेकिन पुलिस की जांच में पता चला कि हत्या की साजिश एहतेसाम हुसैन ने ही रची थी।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष छापामारी टीम ने वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी साक्ष्य के विश्लेषण और मानवीय सूचना के आधार पर अनुसंधान किया। इसके बाद एहतेसाम हुसैन और विकास कुमार को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार अभियुक्त एहतेसाम हुसैन (27 वर्ष) पिता अकमल हुसैन ग्राम मोहना चांदपुर झरकाहा वार्ड संख्या-04 थाना सेमापुर जिला कटिहार का रहने वाला है। वहीं, विकास कुमार (22 वर्ष) पिता निरंजन महलदार ग्राम जयनगर वर्ड नं0-05 थाना मनसाही जिला कटिहार का रहने वाला है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह