जनकल्याणकारी योजनाओं में तेजी लाने का निर्देश
सुपौल, 31 अगस्त (हि.स.)। समाहरणालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय साप्ताहिक सोमवारीय समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान सबसे पहले न्यायालय वाद से संबंधित मामलों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों से लंबित न्यायालयी मामलों की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक कार्रवाई एवं समय पर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने न्यायालय से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने और प्राथमिकता के आधार पर लंबित मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।बैठक में दाखिल-खारिज से संबंधित मामलों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने लंबित आवेदनों की स्थिति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को नियमानुसार मामलों का समय पर निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि भूमि संबंधी मामलों में आम लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित पदाधिकारी और कर्मचारी आवेदनों के निष्पादन में तेजी लाएं। जिला जनता दरबार एवं जन संवाद के माध्यम से प्राप्त शिकायतों और आवेदनों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम लोगों से प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका नियमानुसार समाधान किया जाए। शिकायतों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए तथा संबंधित आवेदकों को कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए।
बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने योजना के तहत जिले में चल रहे कार्यों, आवेदन एवं संबंधित प्रक्रियाओं की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
उन्होंने संबंधित विभागों और पदाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया। समीक्षा के दौरान सहयोग पोर्टल पर ऑनलाइन प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की स्थिति की भी जानकारी ली गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों का ससमय निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त आवेदनों के निपटारे में किसी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। बैठक में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विभागीय कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन की नियमित निगरानी करने तथा पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने और योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता बनाए रखने पर बल दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त इन्द्रवीर कुमार, अपर समाहर्त्ता सच्चिदानंद सुमन, अपर समाहर्त्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी विकाश कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी गयानंद यादव, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा विकास कुमार कर्ण, वरीय उप समाहर्त्ता पुष्पा कुमारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। वहीं जिले के विभिन्न अनुमंडल एवं प्रखंडों के पदाधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में सहभागिता की।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों को विभागीय कार्यों की नियमित समीक्षा करते हुए समयबद्ध तरीके से मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने तथा आम लोगों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सहज रूप से उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र