पूर्व राष्ट्रपति और महाकवि निराला को जयंती पर दी गई श्रद्धांजलि

 


अररिया 15 अक्टूबर(हि.स.)। प्राथमिक विद्यालय आदिवासी टोला मधुरा में गुरुवार को हाथ धुलाई दिवस पर जहां बच्चों को हाथों की सही ढंग से धुलने का अभ्यास कराया गया।

वहीं मिसाइलमैन पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती को विद्यार्थी दिवस के रूप में तथा महान कवि सूर्यकांत त्रिपाठी ‘निराला’ की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान शिक्षक मिथिलेश कुमार सिंह ने की।मौके पर बच्चों ने एपीजे अब्दुल कलाम के नाम के एपीजे का मानव श्रृंखला बनाया।

इस अवसर पर पूर्व प्रधानाध्यापक कुमार राजीव रंजन ने डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे देश के महान वैज्ञानिक एवं पूर्व राष्ट्रपति थे। मिसाइल तकनीक के क्षेत्र में उनके महत्त्वपूर्ण योगदान के कारण उन्हें ‘मिसाइल मैन ऑफ इंडिया’ कहा जाता है। उनके जन्मदिवस के अवसर पर विद्यार्थी दिवस भी मनाया जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों को डॉ. कलाम के जीवन से प्रेरणा लेकर बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर मेहनत करने का संदेश दिया।

वहीं, शिक्षक संजीत कुमार निगम ने महान कवि सूर्यकांत त्रिपाठी ‘निराला’ की जयंती के अवसर पर उनकी साहित्यिक उपलब्धियों पर चर्चा की और उनकी कविता सुनाकर विद्यार्थियों को हिंदी साहित्य से परिचित कराया।

इसी क्रम में शिक्षक रंजीत कुमार मंडल ने हाथ धुलाई दिवस के महत्त्व पर चर्चा करते हुए बच्चों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। उन्होंने विद्यार्थियों को भोजन करने से पहले तथा शौचालय के उपयोग के बाद साबुन से अच्छी तरह हाथ धोने की आदत अपनाने की सलाह दी।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में महान व्यक्तित्वों के प्रति सम्मान, साहित्य के प्रति रुचि तथा स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर