707.4 लीटर प्रतिबंधित कोडिन युक्त कफ सिरप के साथ महिंद्रा फ्यूरियो गाड़ी जब्त

 




अररिया 12 अगस्त(हि.स.)।

जिले की बैरगाछी थाना पुलिस ने वाहन चेकिंग के क्रम में लाल रंग की महिंद्रा फ्यूरियो गाड़ी से भारी मात्रा में प्रतिबंधित कोडिन युक्त कफ सिरप बरामद किया।

पुलिस ने यह कामयाबी बीती रात खुशबू राइस मिल के पास नेशनल हाईवे 327 ई के निकट वाहन चेकिंग के क्रम में जब्त की।जानकारी सदर एसडीपीओ सुशील कुमार ने बुधवार शाम को कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी।

सदर एसडीपीओ ने बताया कि बीती रात्रि खुशबू राइस मिल के पास एनएच 327 ई उत्तरी लेन पर बैरगाछी थाना पुलिस की ओर से वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में लाल रंग का महिंद्रा फ्यूरियो गाड़ी संख्या बीआर 38 जीए 2362 तेजी से अररिया जीरो माइल से होकर आया और वाहन को भगाने की कोशिश की।लेकिन पुलिसकर्मियों ने गाड़ी को पकड़ लिया।जबकि चालक गाड़ी से उतरकर अंधेरे का लाभ उठाकर फरार होने में कामयाब रहे।

सदर एसडीपीओ ने बताया कि गाड़ी से तलाशी के क्रम में 46 कार्टन में 7074 पीस प्रतिबंधित कोडिन युक्त कफ सिरप बरामद किया गया।जो कुल 707.4 लीटर है।मामले में बैरगाछी थाना में कांड संख्या 104/26 धारा 8(सी),21(सी),25 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।गश्ती दल में एएसआई परमेश्वर सिंह,गृहरक्षक महेंद्र कुमार विश्वास,राकेश कुमार मंडल,वीरेंद्र साह आदि शामिल थे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर