सच्चे लाभुकों की तलाश शुरू, बीडीओ के निर्देश पर आवास सूची की समीक्षा

 


दरभंगा, 05 अक्टूबर (हि.स.)। दरभंगा जिला अंतर्गत तारडीह प्रखंड की बैका पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची में छूटे वास्तविक लाभुकों की समीक्षात्मक कार्रवाई बीडीओ प्रीति कुमारी के निर्देश पर शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में आवास सहायक मनोज शर्मा ने मदरिया गांव पहुंचकर संगीता देवी के आवास की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया।

संगीता देवी के पति विक्षिप्त बताए जाते हैं और परिवार फूस के छप्पर के नीचे रहने को मजबूर है। मौके पर आवास सहायक मनोज शर्मा ने स्थिति देखकर आश्चर्य व्यक्त करते हुए कहा कि संगीता देवी जैसे आवासविहीन और समाज के निचले पायदान पर रहने वाले परिवार का नाम अंतिम सूची में शामिल नहीं होना गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि बीडीओ के निर्देश पर ऐसे वास्तविक लाभुकों को चिह्नित करने की जिम्मेदारी मिली है, जिसे ईमानदारी से निभाया जाएगा।

संगीता देवी ने आरोप लगाया कि उनके आसपास पक्के मकान वाले कई लोगों के नाम सूची में शामिल हैं, जबकि उनका नाम इसलिए छांट दिया गया क्योंकि उन्होंने कथित तौर पर किसी को कोई खर्च नहीं दिया। हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

ग्रामीणों के अनुसार, आवास सूची में नाम शामिल कराने के लिए पंचायत समिति सदस्यों, मुखिया तथा अन्य प्रभावशाली लोगों के दबाव को भी अनियमितता का एक कारण बताया जा रहा है। वहीं प्रखंड के कई महादलित परिवारों का नाम भी सूची में नहीं आने की बात सामने आई है।

दूसरी ओर, आर्थिक रूप से संपन्न और पक्के मकान वाले लोगों के नाम आवास सूची में शामिल होने को लेकर भी ग्रामीणों में असंतोष है। ऐसे मामलों की निष्पक्ष समीक्षा होने पर ही वास्तविक लाभुकों को योजना का लाभ मिल सकेगा।

भाजपा महिला मोर्चा की बिहार प्रवक्ता सुलेखा झा ने कहा कि आवास आवंटन में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भूमिका संदेह के घेरे में है। यदि वास्तविक लाभुकों की सूची सही तरीके से उपलब्ध कराई जाती तो ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होती।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra