छात्रावास में आठ वर्षीय छात्र की संदिग्ध मौत, हत्या का आरोप
सुपौल, 07 सितंबर (हि.स.)। जिले के गौरवगढ़ स्थित एक निजी विद्यालय के छात्रावास में सोमवार को आठ वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान मरौना थाना क्षेत्र के परिकोच निवासी शिव शंकर यादव के आठ वर्षीय पुत्र प्रियांशु कुमार के रूप में हुई है। प्रियांशु शानवी पब्लिक स्कूल में पहली कक्षा का छात्र था और विद्यालय के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करता था।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को प्रियांशु विद्यालय के हॉस्टल की छत पर संदिग्ध अवस्था में फंदे से लटका मिला। इसकी जानकारी मिलते ही विद्यालय कर्मियों ने उसे नीचे उतारा।
बताया गया कि उस समय उसकी सांसें चल रही थीं। इसके बाद विद्यालय कर्मी उसे आनन-फानन में इलाज के लिए सुपौल के एक निजी अस्पताल लेकर निकले, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रियांशु के परिजन अस्पताल पहुंचे। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मृतक के परिजनों ने प्रियांशु की मौत को आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। परिजनों का आरोप है कि बच्चे के चेहरे पर चोट के कई निशान हैं। मृतक के पिता शिव शंकर यादव ने आरोप लगाया कि उनके बेटे की हत्या करने के बाद शव को फंदे से लटका दिया गया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस और एसडीपीओ मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का जायजा लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की।
वहीं, घटना की जानकारी मिलने के बाद सुपौल एसपी शरथ आरएस भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। एसपी ने कहा कि घटना की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। छात्र की मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, इसका खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र