ड्यूटी पर तैनात गृह रक्षक की हार्ट अटैक से मौत, विभाग में शोक की लहर
सीवान, 29 मई (हि.स.)। पुलिस केंद्र शस्त्रागार शाखा सीवान में विधि-व्यवस्था ड्यूटी में तैनात गृह रक्षक संख्या 6463 रुदल यादव की हार्ट अटैक से मौत हो गई। घटना के बाद गृह रक्षा वाहिनी एवं पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।
मिली जानकारी के अनुसार रुदल यादव 28 मई की रात ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान रात करीब 11:30 बजे अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें रात 12:05 बजे सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान शुक्रवार की पूर्वाह्न 1:15 बजे उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही गृह रक्षा वाहिनी के पदाधिकारी एवं कर्मी सदर अस्पताल पहुंचे और मृतक को श्रद्धांजलि अर्पित की। गृह रक्षा वाहिनी जिला अध्यक्ष सुमन यादव तथा जिला समादेष्टा कार्यालय के कर्मियों ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।
विभाग की ओर से दाह संस्कार के लिए मृतक के परिजनों को 15 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। गृह रक्षक के निधन से विभागीय कर्मियों में शोक व्याप्त है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma