सारण में 10 जून को 26 केंद्रों पर होगी गृहरक्षा वाहिनी सेवा संवर्ग परीक्षा
सारण, 08 जून (हि.स.)। गृह रक्षा वाहिनी सेवा संवर्ग में अधिनायक लिपिक के रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए आगामी दस जून को लिखित प्रतियोगिता परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। जिले में परीक्षा को पूरी तरह स्वच्छ, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है।
जिले में कुल 26 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं जहां लगभग 12,764 परीक्षार्थी शामिल होंगे। यह परीक्षा एक पाली में सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक आयोजित की जाएगी।
परीक्षा के सफल संचालन को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सभी केंद्राधीक्षकों, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की एक ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश देते हुए कहा कि आयोग द्वारा जारी गाइडलाइंस का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता के खिलाफ शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई जाए।
सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्टैटिक दंडाधिकारी-सह-प्रेक्षक के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके अलावा, परीक्षा अवधि के दौरान लगातार गश्त और कड़ा रुख बनाए रखने के लिए जोनल दंडाधिकारी और फ्लाइंग स्क्वॉड दंडाधिकारी भी तैनात रहेंगे, जो विभिन्न केंद्रों का लगातार भ्रमण करेंगे।
परीक्षा में पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए अत्याधुनिक तकनीकों का सहारा लिया जा रहा है। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, जैमर, फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और बायोमेट्रिक उपस्थिति की अनिवार्य व्यवस्था की गई है। परीक्षार्थियों को केंद्र में प्रवेश करने से पहले सघन एवं विधिवत फ्रिस्किंग से गुजरना होगा। किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या अन्य संचार उपकरणों को ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
प्रशासन ने किसी भी प्रकार की आपातकालीन सूचना, सहायता या समन्वय के लिए एक जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है, जो परीक्षा के दौरान पूरी तरह सक्रिय रहेगा। इसके लिए दूरभाष संख्या 06152-242444 जारी की गई है। जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय से केंद्रों पर पहुंचें और नियमों का पालन कर शांतिपूर्ण परीक्षा संचालन में सहयोग करें।
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार