होली को लेकर त्रिवेणीगंज में शांति समिति की बैठक, सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील

 


सुपौल, 26 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के त्रिवेणीगंज में आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को अनुमंडल कार्यालय परिसर में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी त्रिवेणीगंज द्वारा की गई।

बैठक में विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी, व्यापार मंडल के सदस्य, धार्मिक प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। अधिकारियों ने कहा कि होली आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता का प्रतीक पर्व है। इसलिए सभी समुदायों के लोग आपसी समन्वय एवं सहयोग के साथ इस पर्व को हर्षोल्लास से मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों या भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न दें।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। संवेदनशील एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी और शांति भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि डीजे एवं लाउडस्पीकर के उपयोग में निर्धारित समय सीमा और ध्वनि प्रदूषण संबंधी मानकों का कड़ाई से पालन किया जाएगा। हुड़दंग, जबरन रंग लगाने, नशाखोरी, सड़क जाम तथा अन्य अवांछित गतिविधियों को रोकने के लिए विशेष गश्ती दल सक्रिय रहेंगे। सोशल मीडिया पर भड़काऊ या आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने वालों के विरुद्ध भी प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

प्रशासनिक अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, विवाद या तनाव की स्थिति में तत्काल पुलिस अथवा प्रशासन को सूचित करें। शांति समिति के सदस्यों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन देते हुए कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को जागरूक कर आपसी सौहार्द एवं शांति बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि त्रिवेणीगंज में होली का पर्व प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव के साथ मनाया जाएगा तथा क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था को कायम रखा जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र