श्री रानी सरस्वती विद्या मंदिर में होली मिलन समारोह में बही फगुआ की बयार
अररिया 02 मार्च(हि.स.)।
फारबिसगंज के श्री रानी सरस्वती विद्या मंदिर में सोमवार को विद्यालय परिवार की ओर से सांस्कृतिक गरिमा से परिपूर्ण होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंध कारिणी समिति के पदाधिकारी,आचार्य बंधु-भगिनी एवं कर्मियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।कार्यक्रम में पारंपरिक होली गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियों से वातावरण रंगमय हो गया।
समारोह के दौरान मिथिला में राम खेले होली,रंग बरसे भीगे चुनरवाली,शिव मंठ पर सोभे लाल ध्वजा, सदा आनंद रहे यही द्वारे तथा जोगीरा सा रा रा जैसे एक से बढ़कर एक होली गीतों की प्रस्तुति ने सभी को झूमने पर मजबूर कर दिया। गीत-संगीत और हंसी-ठिठोली के बीच पूरे परिसर में उत्सव का उल्लास देखने को मिला। इस अवसर पर सभी ने एक-दूसरे को अबीर एवं गुलाल लगाकर प्रेम, भाईचारे और आपसी सौहार्द का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लोक शिक्षा समिति व विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के संरक्षक रामकुमार केशरी ने कहा कि होली भारतीय संस्कृति का ऐसा पर्व है, जो समाज में समरसता, एकता और पारस्परिक प्रेम को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि रंगों का यह उत्सव मनुष्य के जीवन में नई ऊर्जा, सकारात्मकता और आपसी विश्वास का संचार करता है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य आशुतोष मिश्र ने होली के सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह पर्व बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है तथा हमें आपसी मतभेद भुलाकर प्रेम और सद्भाव के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
समारोह के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं तथा समाज और राष्ट्र में सुख-शांति, समृद्धि एवं सद्भावना की कामना की गई।
इस अवसर पर पूर्णिया विभाग के विभाग निरीक्षक गणेश प्रसाद मौर्य, विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के संरक्षक डॉ विमल कांत ठाकुर, अध्यक्ष सच्चिदानंद मेहता, सचिव डॉ. नेहा राज,सह सचिव राकेश रौशन, कोषाध्यक्ष प्रताप नारायण मंडल, सदस्य मंदिरा कुमारी,आरएसएस के नगर संघचालक उपेंद्र राउत, आचार्य अरविंद झा, ललन राय, श्री प्रसाद राय, सन्नी कुमार समेत विद्यालय परिवार के लोग उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर