रंगों के त्योहार होली का उत्साह चरम पर, होली के गीतों पर थिरके ग्रामीण

 


भागलपुर, 03 मार्च (हि.स.)। पूरे देश के साथ-साथ भागलपुर में भी रंगों के त्योहार होली का उत्साह चरम पर है। देर रात तक भागलपुर जिले के अलग-अलग इलाकों में होलिका दहन का आयोजन किया गया।

ग्रामीण क्षेत्रों में खासा उत्साह देखने को मिला, जहां परंपरागत तरीके से पहले होली का भजन-कीर्तन कर भगवान को प्रसन्न किया गया और उसके बाद देर रात तक होली गीतों की धुन पर लोग झूमते नजर आए। भागलपुर के सुल्तानगंज प्रखंड के रघुचक अन्नहार गांव में भी कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला।

यहां ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से होलिका दहन किया और फिर पारंपरिक लोकगीतों के साथ होली का जश्न मनाया। ढोल-झाल और मंजीरे की थाप पर युवा से लेकर बुजुर्ग तक सभी रंग में सराबोर दिखे। ग्रामीणों का कहना है कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी भाईचारे और एकता का प्रतीक है। इसी भावना के साथ गांव में हर साल पारंपरिक अंदाज में होली मनाई जाती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर