एचआईवी संक्रमण पर नियंत्रण के लिए डॉक्टरों को किया गया जागरूक, 95-95-95 लक्ष्य हासिल करने पर जोर
सीवान, 19 नवंबर (हि.स.)। जिले में गुरुवार को राष्ट्रीय एड्स एवं एसटीडी नियंत्रण कार्यक्रम (एनएसीपी) के तहत एक दिवसीय संवेदीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें एचआईवी संक्रमण एवं यौन संक्रमित रोगों की रोकथाम, समय पर पहचान, उपचार और प्रभावी नियंत्रण को लेकर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, मेडिकल ऑफिसरों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों को जागरूक किया गया।
कार्यशाला में राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (नाको) के निर्धारित 95-95-95 लक्ष्य को हासिल करने के लिए जांच, रेफरल और मरीजों की निगरानी व्यवस्था मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। कार्यशाला में कलावती सरन चिल्ड्रन हॉस्पिटल, लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज, नई दिल्ली के पीडियाट्रिक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. नेहा गौड़ ने कहा कि एचआईवी संक्रमित व्यक्ति में शुरुआती दौर में कई बार कोई स्पष्ट लक्षण दिखाई नहीं देते हैं। ऐसे में चिकित्सकों को अपनी क्लिनिकल समझ और संदेह के आधार पर समय पर एचआईवी जांच की सलाह देनी चाहिए।
कोशिश होनी चाहिए कि मरीज की पहचान बीमारी के एडवांस्ड स्टेज यानी क्लिनिकल स्टेज-3 या 4 में पहुंचने से पहले हो जाए। उन्होंने कहा कि समय पर संक्रमण की पहचान और एंटीरेट्रोवायरल थेरेपी (एआरटी) शुरू होने से मरीज लंबा और स्वस्थ जीवन जी सकता है। नियमित दवा और चिकित्सकीय निगरानी से एचआईवी को प्रभावी ढंग से नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने चिकित्सकों को एआरटी सेंटर और आईसीटीसी के साथ राष्ट्रीय कार्यक्रम के तहत मरीजों के लिए उपलब्ध अन्य सुविधाओं की जानकारी रखने तथा जरूरतमंदों को सही केंद्रों पर रेफर करने की सलाह दी।
डॉ किरण मिश्रा ने कहा कि बिहार में एचआईवी संक्रमण की रोकथाम, समय पर पहचान और संक्रमित लोगों को उपचार से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। नाको के 95-95-95 लक्ष्य को हासिल करने के लिए मेडिकल ऑफिसरों की भागीदारी बढ़ाई जा रही है। उन्होंने बताया कि बिहार को इस लक्ष्य तक पहुंचने में अभी कुछ और समय लग सकता है। इसके लिए सभी मेडिकल ऑफिसरों को अधिक से अधिक लोगों को एचआईवी जांच के लिए रेफर करने तथा इंडेक्स टेस्टिंग को बढ़ावा देने के लिए कहा जा रहा है। इससे संक्रमित व्यक्तियों के संपर्क में आए संभावित लोगों की भी जांच कर संक्रमण की पहचान की जा सकेगी। डॉ. नेहा गौड़ ने गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व जांच (एएनसी) के दौरान एचआईवी, सिफलिस और हेपेटाइटिस-बी की स्क्रीनिंग को जरूरी बताया।
उन्होंने कहा कि निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार हाई रिस्क मामलों में तीसरी तिमाही में दोबारा जांच पर भी ध्यान देना चाहिए, ताकि मां से बच्चे में संक्रमण के प्रसार को रोका जा सके। सिविल सर्जन डॉ. श्रीनिवास प्रसाद ने कहा कि एचआईवी एवं यौन संक्रमित रोगों की रोकथाम के लिए जागरूकता के साथ समय पर जांच और उचित उपचार बेहद जरूरी है। स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि जिले में अधिक से अधिक लोगों तक जांच एवं उपचार की सुविधाएं पहुंचें। इसके लिए सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों और स्वास्थ्यकर्मियों को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि एचआईवी संक्रमित मरीजों के साथ किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए। उन्हें सम्मानजनक व्यवहार के साथ सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ दिलाना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। कार्यशाला में जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. अरविंद कुमार, सीडीओ डॉ. अशोक कुमार, सदर अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार सिंह, डॉ. सुनील कुमार, अजय कुमार बरनवाल (तकनीकी विशेषज्ञ, दिशा-वाईआरजी केयर, पटना) सहित जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के कई अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma