अज्ञात वाहन की टक्कर से शिक्षक की मौत
सुपौल, 23 जून (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र के कर्णपुर के समीप सुपौल-सहरसा मुख्य मार्ग पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक शिक्षक की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है, जबकि पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान कर्णपुर निवासी राजेश पाठक उर्फ प्रशांत शेखर पाठक (करीब 50 वर्ष) के रूप में हुई है। वे स्थानीय गणपति पाठक के पुत्र थे और मध्य विद्यालय सिठहर में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे।बताया जाता है कि सोमवार देर रात राजेश पाठक किसी कार्य से लौटने के बाद पैदल अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान कर्णपुर के पास सुपौल-सहरसा मुख्य मार्ग पर किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक वाहन समेत फरार हो गया।
मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे शव पड़ा देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर दुर्घटना के कारणों और फरार वाहन की पहचान करने में जुटी है।
सदर थानाध्यक्ष रामसेवक रावत ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। मामले की जांच की जा रही है और अज्ञात वाहन की पहचान कर चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मृतक अपने पीछे एक पुत्र और दो पुत्रियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके असामयिक निधन से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं शिक्षा जगत और स्थानीय लोगों में भी शोक की लहर दौड़ गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र