ऐतिहासिक गुरुद्वारा की पांडुलिपियों को धरोहर बनाने का डीएम ने दिया निर्देश

 


कटिहार, 18 अप्रैल (हि.स.)। जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने शनिवार को बरारी प्रखंड में जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम और ऐतिहासिक गुरुद्वारे का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जनगणना कार्य में तेजी लाने और गुरुद्वारे की ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण पर जोर दिया।

जिलाधिकारी ने जागेश्वर उच्च विद्यालय, बरारी में चल रहे भारत जनगणना 2027 के तहत मकान सूचीकरण एवं परिवार गणना के प्रशिक्षण का निरीक्षण किया। पीपीटी के माध्यम से पर्यवेक्षकों और प्रगणकों को बताया गया कि डिजिटल एप से मकान सूचीकरण और परिवार की गणना कैसे की जाएगी।

प्रशिक्षण में बरारी प्रखंड के सभी सहायक चार्ज पदाधिकारी और डेटा एंट्री ऑपरेटर शामिल हो रहे हैं। इसकी निगरानी जिला सांख्यिकी पदाधिकारी-सह-अपर जिला जनगणना पदाधिकारी कर रहे हैं। डीएम ने 17 अप्रैल से शुरू हुए स्वगणना कार्य को लेकर भी सभी को निर्देश दिए।

इसके बाद जिलाधिकारी श्री गुरु तेग बहादुर ऐतिहासिक गुरुद्वारा, सरदारनगर लक्ष्मीपुर, बरारी पहुंचे। यहां उन्होंने गुरु ग्रंथ साहिब से जुड़ी सभी पांडुलिपियों का बारीकी से अवलोकन किया। जानकारीकर्ता ने हर पांडुलिपि के बारे में विस्तार से बताया। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि इस ऐतिहासिक गुरुद्वारे की सभी महत्वपूर्ण पांडुलिपियों की प्रतिलिपियां समाहरणालय, कटिहार में धरोहर के रूप में स्थापित की जाएं, ताकि आम जनता भी इनसे परिचित हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह