टावर पर चढ़ी महिला, बेटे संग मांगा इंसाफ; चार घंटे तक चला हाई वोल्टेज ड्रामा

 


सुपौल, 23 जून (हि.स.)। जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत सिमराही में मंगलवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला अपने 12 वर्षीय बेटे के साथ मोबाइल टावर पर चढ़ गई।

पति पर दूसरी शादी करने और परित्याग का आरोप लगाते हुए महिला ने न्याय की मांग की तथा डीएम और एसपी के मौके पर आने तक नीचे उतरने से इनकार कर दिया।

घटना को लेकर इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। टावर पर चढ़ी महिला की पहचान मधेपुरा जिले के बिहारीगंज थाना क्षेत्र निवासी गुड्डी देवी के रूप में हुई है। महिला का आरोप है कि करीब 10 वर्ष पहले मोतीपुर निवासी अमरेंद्र ठाकुर ने दिल्ली-गुरुग्राम में उससे प्रेम विवाह किया था।

इस विवाह से दोनों का एक 12 वर्षीय पुत्र भी है। महिला का कहना है कि कुछ वर्षों बाद उसके पति ने दूसरी शादी कर ली और उसे तथा उसके बेटे को छोड़ दिया।

गुड्डी देवी ने बताया कि न्याय की उम्मीद में वह कई बार थाने और पुलिस अधिकारियों के पास गई, लेकिन उसकी शिकायत पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे आहत होकर उसने अपने बेटे के साथ मोबाइल टावर पर चढ़कर विरोध दर्ज कराने का फैसला लिया।

टावर पर मौजूद महिला ने कहा कि जब तक जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर न्याय का भरोसा नहीं देंगे, तब तक वह नीचे नहीं उतरेगी। महिला की इस जिद से प्रशासन की परेशानी बढ़ गई।

घटना की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। लोग टावर के नीचे खड़े होकर पूरे घटनाक्रम को देखते रहे। भीड़ बढ़ने के कारण कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। पुलिस ने लोगों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की।

सूचना मिलते ही प्रशासन,पुलिस और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने लगातार महिला से बातचीत कर उसे समझाने और सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास किया। किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की भी तैनाती की गई।

समाचार लिखे जाने तक प्रशासन महिला और उसके पुत्र को सुरक्षित नीचे उतारने तथा पूरे मामले का शांतिपूर्ण समाधान निकालने में जुटा हुआ था। वहीं इस घटना की चर्चा पूरे क्षेत्र में होती रही।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र