पारिवारिक विवाद के बाद 132 केवी हाईटेंशन टावर पर चढ़ी विवाहिता, पुलिस व ग्रामीणों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

 




सीवान, 05 अगस्त (हि.स.)।

जिले के भगवानपुर हाट प्रखंड क्षेत्र के सारिपट्टी चेवर में बुधवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पारिवारिक विवाद के बाद करीब 25 वर्षीय एक विवाहिता 132 केवी (1.32 लाख वोल्ट) के हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गई।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया। समय रहते हुई कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार महिला की पहचान प्रखंड के सहसरांव गांव निवासी स्वर्गीय बिगन मांझी की पुत्री मूरत देवी के रूप में हुई है। उसकी शादी वर्ष 2019 में गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के सिरसा गांव निवासी दीपक मांझी से हुई थी। दंपति के दो पुत्र हैं। बड़ा पुत्र पांच वर्षीय उत्तम कुमार और छोटा पुत्र तीन वर्षीय मणिकांत है।

बताया जाता है कि दीपक मांझी महाराष्ट्र में रहकर राजमिस्त्री का काम करता है। उसने आरोप लगाया कि उसकी अनुपस्थिति में पत्नी पहले भी दो बार घर छोड़कर अपने कथित प्रेमी के साथ चली गई थी। उसके अनुसार पत्नी लगातार उसी व्यक्ति के साथ रहने की जिद को लेकर घर में विवाद करती रहती है। इसी बीच महिला किसी रिश्तेदार के यहां भगवानपुर हाट आई हुई थी, जहां से बुधवार सुबह वह हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला के टावर पर चढ़ते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। लोगों को आशंका थी कि यदि वह कुछ फीट और ऊपर चढ़ जाती या बिजली लाइन के संपर्क में आ जाती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।

ग्रामीण लगातार उसे समझाने का प्रयास करते रहे। सूचना मिलने पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने भी धैर्यपूर्वक महिला से बातचीत की और काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारने में सफलता हासिल की।

घटना के बाद पुलिस महिला, उसके पति तथा दोनों बच्चों को अपने साथ थाना ले गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma