भागलपुर में उच्च न्यायालय के बेंच की मांग तेज, सांसद मनन मिश्रा ने दिया समर्थन
भागलपुर, 05 अप्रैल (हि.स.)। भागलपुर में उच्च न्यायालय की एक स्थायी बेंच स्थापित करने की मांग को नया बल मिला है। राज्यसभा सांसद सह बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) के चेयरमैन मनन कुमार मिश्रा ने इस मुद्दे पर स्पष्ट समर्थन जताते हुए कहा कि भागलपुर जैसे बड़े और महत्वपूर्ण शहर में हाई कोर्ट का एक बेंच होना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि इससे न केवल आम लोगों को न्याय के लिए पटना तक जाने की परेशानी से राहत मिलेगी, बल्कि न्यायिक प्रक्रिया भी अधिक सुगम और सुलभ हो सकेगी। मनन मिश्रा ने कहा कि इस विषय पर अंतिम निर्णय सुप्रीम कोर्ट और संसद स्तर पर लिया जाएगा, लेकिन वे व्यक्तिगत रूप से इस दिशा में हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे इस मांग को उचित मंचों पर मजबूती से उठाएंगे, ताकि भागलपुर और आसपास के जिलों के लोगों को इसका लाभ मिल सके। भागलपुर पहुंचने पर सांसद मनन मिश्रा का भव्य स्वागत किया गया। स्थानीय वकीलों और समर्थकों ने ढोल-नगाड़े, फूल-मालाओं और आरती-वंदन के साथ उनका अभिनंदन किया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर