बकरीद को लेकर किशनगंज में हाई अलर्ट, 300 से अधिक संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा बल तैनात
किशनगंज, 27 मई (हि.स.)। ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए किशनगंज जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिलाधिकारी विशाल राज एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के संयुक्त निर्देश पर जिले के सभी संवेदनशील एवं अति संवेदनशील क्षेत्रों में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
प्रशासन द्वारा जिले के 300 से अधिक महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थलों पर दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों तथा पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।सुरक्षा व्यवस्था के तहत कुल 303 दंडाधिकारी, 325 से अधिक पुलिस पदाधिकारी तथा करीब 1000 पुलिस बल, जिसमें चौकीदार भी शामिल हैं, को तैनात किया गया है। इसके अलावा पांच विशेष गश्ती दल लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहेंगे। पुलिस प्रशासन की ओर से बताया गया कि अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस उपाधीक्षकों के नेतृत्व में सभी थाना क्षेत्रों में लगातार एरिया डोमिनेशन और फ्लैग मार्च किया जा रहा है। थाना गश्ती के साथ-साथ बाइक पेट्रोलिंग के जरिए भी चौबीसों घंटे निगरानी रखी जा रही है। प्रमुख स्थलों पर स्थायी पुलिस पिकेट भी स्थापित किए गए हैं। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए जिला एवं अनुमंडल स्तर पर कुल 10 क्यूआरटी (त्वरित प्रतिक्रिया दल) का गठन किया गया है।
इन टीमों को 24 घंटे अलर्ट मोड में रखा गया है ताकि किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से संभावित उपद्रवियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई लगातार जारी है। वहीं, सभी थानों में शांति समिति की बैठक आयोजित कर जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों से समन्वय स्थापित किया गया है। प्रशासन ने लोगों से पर्व को आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है।
सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की विशेष नजर है। साइबर थाना एवं जिला स्तरीय सोशल मीडिया सेल द्वारा भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा अफवाह फैलाने वाले पोस्ट, फोटो और वीडियो पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। ऐसे मामलों में त्वरित कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस नियंत्रण कक्ष को दें। किशनगंज पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर जरूरी कदम उठाए गए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह