जिले में भीषण गर्मी का प्रकोप, घरों में दुबके लोग

 


भागलपुर, 25 मई (हि.स.)। जिले में भीषण गर्मी और हीट वेव (लू) का असर अब आम लोगों की सेहत पर साफ दिखने लगा है। तेज धूप और आसमान से बरसती आग के कारण अस्पतालों में हीट वेव से प्रभावित मरीजों की संख्या में लगातार भारी वृद्धि हो रही है।

फिलहाल लोगों को इससे राहत मिलने के आसार नहीं हैं। सोमवार को भी तापमान और उमस का असर बना रहा। जिससे दिनभर लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा। घरों से बाहर निकलने वाले लोगों के साथ-साथ पशु-पक्षी भी गर्मी से बेहाल हैं। बिहार कृषि विश्वविद्यालय के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा केंद्र के अनुसार अगले कुछ दिनों तक मौसम में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है।

वातावरण में नमी अधिक रहने के कारण उमस का असर बना रहेगा और लोगों को असहज गर्मी महसूस होगी। गर्मी का असर दुधारू पशुओं पर भी पड़ रहा है। पशुपालकों के अनुसार अधिक तापमान के कारण पशुओं की दूध उत्पादन क्षमता प्रभावित हुई है। पशुओं को गर्मी से राहत देने के लिए दिन में दो बार स्नान कराया जा रहा है। कई पशुपालक अपने मवेशियों को गंगा नदी और पोखरों तक ले जा रहे हैं, जहां उन्हें कुछ राहत मिल रही है।

कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि पेड़-पौधों में सुबह और शाम के समय सिंचाई तथा हल्का छिड़काव करें। तेज धूप के दौरान पानी देने से बचें, ताकि पौधों पर गर्मी का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक उमस भरी गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ाती रहेगी। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को अलर्ट रहने की सलाह दी है। डॉ विनय कुमार झा के अनुसार, तेज धूप में अधिक देर तक रहने, शरीर में पानी की कमी (डीहाइड्रेशन) और अत्यधिक गर्म वातावरण के कारण लोगों का स्वास्थ्य बिगड़ रहा है। इसके मुख्य लक्षणों में चक्कर आना और सिर दर्द होना, शरीर में अत्यधिक कमजोरी और उल्टी होना, तेज बुखार आना या अचानक बेहोश हो जाना शामिल है।

सरकारी और निजी दोनों ही प्रकार के अस्पतालों में फिलहाल ऐसे मरीजों का तांता लगा हुआ है। लगातार बढ़ रही इस जानलेवा गर्मी ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। चिकित्सकों और स्वास्थ्य विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें। पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और ओआरएस, नीबू-पानी या अन्य तरल पदार्थों का सेवन करते रहें। भोजन हमेशा हल्का और सुपाच्य ही करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर