भीषण चिलचिलाती गर्मी के बीच स्कूल जाने को विवश छात्र

 


अररिया 03 जून(हि.स.)।

मौसम का पारा लगातार चढ़ रहा है। भीषण चिलचिलाती गर्मी के बीच बुधवार का तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रहा। तीन दिनों से लगातार भीषण चिलचिलाती गर्मी ने आम लोगों के जनजीवन को प्रभावित कर दिया है।

गर्मी के कारण बाजार में सन्नाटा पसरा है और सड़कें सुनसान हैं।लेकिन इन सबके बीच भीषण गर्मी के कारण छोटे छोटे बच्चे इस भीषण गर्मी में स्कूल जाने को विवश है।सुबह से ही तेज धूप के बीच दैनिक स्कूल के आने जाने के समय मौसम काफी गर्म रहता है,जिसके कारण बच्चों को आने जाने में काफी परेशानी होती है।गर्मी के कारण बच्चे लगातार बीमार पड़ रहे हैं।डीहाइड्रेशन के साथ साथ बच्चों में सर्दी,खांसी और बुखार की समस्या बढ़ती जा रही है।

फलस्वरूप अभिभावक जिला प्रशासन से स्कूल को मॉर्निंग शिफ्ट में करने के साथ ही छुट्टी घोषित करने की मांग करने लगे हैं।बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए अभिभावकों ने जिला प्रशासन से सरकारी और निजी विद्यालयों में छुट्टी की मांग की है।

अभिभावक मृणाल शेखर ने बताया कि बच्चों को ग्लूकोज और पानी के साथ स्कूल भेजा जाता है।लेकिन भीषण गर्मी के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर तेज धूप के कारण प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। बच्चों का स्वास्थ्य लगातार खराब हो रहा है।वहीं अभिभावक ओमप्रकाश साहनी ने बताया कि तेज धूप के कारण बच्चे बीमार पड़ रहे हैं।

स्कूल में बच्चे गर्मी में खेलते और गर्म होकर पानी पीते रहते हैं,जिसके कारण खांसी और सर्दी से पूरे परिवार के लोग परेशान हैं।उन्होंने स्कूल में भीषण गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन से स्कूल में बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए छुट्टी घोषित करने की मांग की है।उन्होंने कहा कि आए दिन बच्चों के द्वारा बताया जाता है कि गर्मी के कारण बच्चे मूर्छित होकर गिर रहे हैं। ऐसी परिस्थिति में स्कूल में जिला प्रशासन द्वारा छुट्टी घोषित किया जाना अनिवार्य है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर