स्वास्थ्य विभाग द्वारा खाद्य संरक्षा मानकों के उल्लंघन पर हुई कड़ी कार्रवाई, 11 मामले में अभियोजन को मंजूरी
पटना, 27 सितंबर (हि.स.)। राज्य में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। विभिन्न जिलों में लिए गए खाद्य नमूनों की प्रयोगशाला जांच में 11 नमूने असुरक्षित एवं मानकों के विपरीत पाए गए।
स्वास्थ्य सचिव सह खाद्य संरक्षा आयुक्त कुमार रवि द्वारा रविवार को जिलों से प्राप्त जांच रिपोर्टों के आधार पर असुरक्षित एवं मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए खाद्य पदार्थों के मामलों में कार्रवाई की गई है।
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा प्राप्त जांच रिपोर्टों के आधार पर अररिया जिले में मैसर्स सेंटर फॉर नेशनल डेवलपमेंट इनीशिएटिव, सिसाउना, बस्ती से हल्दी पाउडर का नमूना संग्रहित किया गया था। जांच रिपोर्ट में नमूने में मेटानिल येलो की उपस्थिति पाई गई।
शेखपुरा मैसर्स शिव शंकर होटल, बरबीघा से लिए गए बेसन लड्डू के नमूने में मेटानिल येलो पाया गया। नमूने को असुरक्षित खाद्य घोषित किया गया। भोजपुर जिले में मैसर्स संतोष किराना दुकान, शाहपुर से लिए गए हल्दी के नमूने में लेड क्रोमेट पाया गया और इसे असुरक्षित खाद्य माना गया।
जमुई:में मैसर्स गोपाल होटल एंड स्वीट्स शॉप, महाराजगंज चौक से लिए गए बेसन लड्डू के नमूने में मेटानिल येलो पाया गया। पूर्णिया जिले के बनमनखी स्थित मैसर्स मोनाज पोद्दार से लिए गए भिंडी के नमूने में बाहरी/अतिरिक्त रंग की उपस्थिति पाई गई और नमूने को असुरक्षित खाद्य घोषित किया गया।
सीतामढ़ी: जिले में मैसर्स गणपति ट्रेडर्स से लिए गए मल्टी-सोर्स एडिबल वेजिटेबल ऑयल के नमूने में निर्धारित सीमा से अधिक एसिड वैल्यू तथा तेल में घुलनशील सिंथेटिक रंग पाया गया। नमूने को अवर-मानक, असुरक्षित एवं मिसब्रांडेड घोषित किया गया।
मुजफ्फरपुर में मैसर्स गोकुल स्वीट्स से लिए गए रोल बर्फी के नमूने में चांदी के वर्क के स्थान पर एल्युमिनियम फॉइल पाए जाने की पुष्टि हुई। अररिया में मैसर्स सेंटर फॉर नेशनल डेवलपमेंट इनीशिएटिव से लिए गए धनिया पाउडर के नमूने में ऑयल सॉल्युबल कलर एवं स्टार्च की उपस्थिति पाई गई और इसे असुरक्षित खाद्य घोषित किया गया। पटना के दानापुर स्थित मैसर्स मैन्युफैक्चरिंग यूनिट ऑफ द लन्दन बलेरी (काव्या एंटरप्राइजेज) से लिए गए हल्दी पाउडर के नमूने में लेड क्रोमेट पाया गया।
पटना में मैसर्स निखिल एंटरप्राइजेज, गुलजारबाग से लिए गए सौंफ के नमूने में फास्ट ग्रीन एफसीएफ की उपस्थिति पाई गई और इसे असुरक्षित खाद्य घोषित किया गया। खगड़िया मैसर्स रौशन पनीर से लिए गए पनीर के नमूने में फॉर्मेलिन एवं स्टार्च की उपस्थिति तथा निर्धारित मानक से कम वसा की मात्रा पाई गई। नमूने को असुरक्षित खाद्य घोषित किया गया।
खाद्य संरक्षा विभाग द्वारा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच एवं मानकों के उल्लंघन के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी