स्वच्छता कर्मियों के स्वास्थ्य की हुई जांच

 


सुपौल, 30 सितंबर (हि.स.)। मरौना प्रखंड क्षेत्र में बुधवार को ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम के तहत स्वच्छता कर्मियों के स्वास्थ्य की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान प्रखंड के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों एवं उपकेंद्रों पर स्वच्छता कर्मियों की स्वास्थ्य जांच की गई।

अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र रसुआर में आयोजित स्वास्थ्य जांच शिविर का प्रखंड विकास पदाधिकारी रचना भारतीय ने निरीक्षण किया।

उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों से जांच प्रक्रिया की जानकारी ली और स्वच्छता कर्मियों की नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बीडीओ ने कहा कि स्वच्छता कर्मी नियमित रूप से साफ-सफाई के कार्य में जुटे रहते हैं। ऐसे में कार्य के दौरान उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े, इसके लिए नियमित स्वास्थ्य जांच जरूरी है। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिया कि किसी भी स्वच्छता कर्मी में स्वास्थ्य संबंधी समस्या पाए जाने पर तत्काल उपचार की व्यवस्था की जाए।

अभियान के दौरान स्वच्छता कर्मियों को स्वास्थ्य एवं व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करने, आवश्यक सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल करने तथा व्यक्तिगत स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की अपील की गई। कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता कर्मियों को स्वस्थ रहते हुए अपने कार्यों का सुरक्षित तरीके से निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र