कटैया माहे में सेवा संकल्प के तहत स्वास्थ्य शिविर आयोजित, ग्रामीणों की हुई निःशुल्क जांच

 


सुपौल, 03 नवंबर (हि.स.)।

जिले के पिपरा प्रखंड की कटैया माहे ग्राम पंचायत के वार्ड संख्या-01 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-193 पर सोमवार को गावी परियोजना के तहत ‘सेवा संकल्प’ कार्यक्रम के अंतर्गत स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर की अध्यक्षता पंचायत की मुखिया रेखा कुमारी ने की। शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई। साथ ही चिकित्सीय परामर्श देने के साथ आवश्यक दवाओं का वितरण भी किया गया। शिविर में सीएचओ जूही कुमारी, एएनएम ज्योति कुमारी, राधा कुमारी एवं मीनू कुमारी की टीम ने ग्रामीणों का ब्लड प्रेशर, शुगर सहित अन्य सामान्य स्वास्थ्य जांच की। जांच के बाद जरूरतमंदों को चिकित्सीय परामर्श दिया गया।

इस मौके पर मुखिया रेखा कुमारी ने ग्रामीणों को सरकार की ओर से संचालित स्वास्थ्य सुविधाओं और नियमित टीकाकरण के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का निर्धारित समय पर टीकाकरण जरूर कराएं, ताकि उन्हें गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सके। वाधवानी एआई के प्रखंड समन्वयक विकास ठाकुर एवं आईएफएम रविन्द्र पूर्वे ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य टीकाकरण से वंचित बच्चों की पहचान कर उन्हें टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध कराना तथा ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है।

मौके पर मुखिया प्रतिनिधि नवीन कुमार, वार्ड सदस्य पुनीता कुमारी, समाजसेवी संजीव कुमार, सेविका सीमा कुमारी, फैसिलिटेटर नीतू सिंह, आशा कार्यकर्ता सरस्वती कुमारी, बेचन मंडल, विनोद साह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र