डीएम के जनता दरबार में शिकायत के बाद शिक्षा विभाग की कार्रवाई, प्रधान शिक्षिका व शिक्षक निलंबित
अररिया 02 सितम्बर(हि.स.)। जिलाधिकारी विनोद दूहन के जनता दरबार में प्राप्त शिकायत के आलोक में शिक्षा विभाग द्वारा कड़ी कार्रवाई करते हुए फारबिसगंज प्रखंड के ढोलबज्जा पंचायत स्थित प्राथमिक विद्यालय, गढ़ही टोला के प्रधान शिक्षिका एवं एक अध्यापक को निलंबित कर दिया गया है।
यह कार्रवाई आवेदन के बाद शिक्षा विभाग के द्वारा कराए गए जांच में मामले के सही पाए जाने पर कार्रवाई की गई।जांच के दौरान सामने आई अनियमितताओं के मामले में विद्यालयों की प्रभावी मॉनिटरिंग में लापरवाही के मामले में संबंधित प्रखंड साधन सेवी का वेतन अगले आदेश तक स्थगित किया गया है।
उल्लेखनीय हो कि प्राथमिक विद्यालय, गढ़ही टोला से संबंधित शिकायत जिला पदाधिकारी के जनता दरबार में शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिला पदाधिकारी के निर्देश पर त्रि-सदस्यीय जांच दल का गठन किया गया। जांच दल द्वारा 25 अगस्त को विद्यालय का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
जांच के दौरान एमआईएस पोर्टल पर 208 विद्यार्थियों की उपस्थिति दर्ज पाई गई, जबकि विद्यालय में भौतिक रूप से 158 विद्यार्थी ही उपस्थित मिले। इसके अलावा मध्यान भोजन की गुणवत्ता, उपस्थिति पंजी तथा अभिलेखों के संधारण में भी अनियमितताएं पाई गईं।
जांच के दौरान विद्यालय अध्यापक पीयूष कुमार के कई दिनों तक बिना स्वीकृत अवकाश के अनुपस्थित रहने की बात भी सामने आई।शिक्षक द्वारा पूछे गए स्पष्टीकरण का संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया।
जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा स्कूल की प्रधान शिक्षिका शालू कुमारी को निलंबित करते हुए उनका मुख्यालय बीआरसी फारबिसगंज निर्धारित किया गया है। इसी प्रकार विद्यालय अध्यापक पीयूष कुमार को भी निलंबित कर उनका मुख्यालय बीआरसी भरगामा निर्धारित किया गया है।
वहीं, विद्यालय के प्रभावी अनुश्रवण में लापरवाही बरतने के आरोप में फारबिसगंज प्रखंड के प्रखंड साधन सेवी (पीएम पोषण योजना) का वेतन अगले आदेश तक स्थगित करते हुए उनसे स्पष्टीकरण की मांग की गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर