हटवारिया गांव पहुंचे सांसद दिलेश्वर कामत, पीड़ित परिवार से मिलकर बंधाया ढांढस
सुपौल, 01 नवंबर (हि.स.)। पिपरा थाना क्षेत्र के हटवारिया गांव में मजदूर उपेंद्र सादा की मौत के बाद उनके परिजनों से मिलने रविवार को सुपौल के सांसद दिलेश्वर कामत पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और घटना में शामिल दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। सांसद ने इस संबंध में सुपौल के एसपी से भी बातचीत की है।
पांच दिन पूर्व पिपरा थाना क्षेत्र के निर्मली पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 15 स्थित हटवारिया गांव में एक मजदूर का शव नदी किनारे मिला था। मृतक की पहचान उपेंद्र सादा उर्फ तिरन सादा के रूप में हुई थी। शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया था। परिजनों ने आशंका जताई थी कि उपेंद्र सादा की हत्या कर शव को नदी किनारे फेंक दिया गया है। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं, परिजनों की ओर से हत्या की आशंका जताए जाने के बाद मामले को लेकर गांव में भी चर्चा बनी हुई है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद रविवार को सुपौल सांसद दिलेश्वर कामत हटवारिया गांव पहुंचे और मृतक के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने परिवार के सदस्यों को सांत्वना देते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में वे उनके साथ हैं। घटना में जो भी दोषी होंगे, उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई कराई जाएगी।
सांसद ने बताया कि उन्होंने इस मामले को लेकर सुपौल के पुलिस अधीक्षक से बातचीत की है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही। साथ ही पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता दिलाने का भरोसा भी दिया। इस मौके पर निर्मली पंचायत के मुखिया हरिनंदन मंडल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र