जोगबनी चेयरमैन के पति सहित दो के खिलाफ मामला दर्ज

 




अररिया 25अक्टूबर(हि.स.)। जिले के नरपतगंज में दुर्गा पूजा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हर्ष फायरिंग के वीडियो वायरल होने के बाद नरपतगंज थाना में वायरल वीडियो के आधार पर जोगबनी के मुख्य पार्षद रानी यादव के पति रोहित यादव और हर्ष फायरिंग करने वाले जोगबनी सुजीत कुमार पासवान के खिलाफ कांड दर्ज किया गया है।

मामले में नरपतगंज थाना में कांड संख्या 678/26 बीएनएस के विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।जानकारी फारबिसगंज एसडीपीओ राजकिशोर कुमार ने रविवार को यह जानकारी दी।

एसडीपीओ ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर विसर्जन के दौरान सुजीत कुमार पासवान के द्वारा राइफल लेकर चलते हुए हर्ष फायरिंग में राइफल से फायरिंग की वीडियो प्राप्त हुआ है।जिसके आधार पर विभिन्न धाराओं में नरपतगंज थाना में कांड दर्ज किया गया है।

पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और शीघ्र हो दोनों आरोपितों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।आरोपी रोहित यादव भारतीय जनता पार्टी के जिला संगठन में कोषाध्यक्ष के पद पर हैं और जोगबनी के मुख्य पार्षद रानी यादव के पति हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर