हरदी में मनाया गया 11वां आयुर्वेद दिवस, स्वस्थ जीवनशैली में आयुर्वेद की उपयोगिता पर दिया जोर

 




सुपौल, 23 सितंबर (हि.स.)। जिले के हरदी स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में बुधवार को 11वां आयुर्वेद दिवस मनाया गया। राष्ट्रीय आयुष मिशन एवं जिला आयुष समिति, सुपौल के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य एकीकृत स्वास्थ्य देखभाल को बढ़ावा देने के साथ लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के लिए आयुर्वेद के महत्व के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम की थीम “एकीकृत स्वास्थ्य देखभाल, जीवन-शैली के लिए आयुर्वेद तथा आयुर्वेद में साक्ष्य, अनुसंधान एवं नवाचार” रखी गई थी। कार्यक्रम का उद्घाटन चिकित्सा प्रभारी ने फीता काटकर किया। इस दौरान आयुष्मान आरोग्य मंदिर हरदी के चिकित्सक डॉ. प्रवेश कुमार शर्मा, स्वास्थ्य विभाग के कर्मी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने आयुर्वेद को भारतीय पारंपरिक चिकित्सा पद्धति की महत्वपूर्ण विरासत बताते हुए इसके वैज्ञानिक अनुसंधान और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं के साथ समन्वय पर चर्चा की। लोगों को दैनिक जीवन में दिनचर्या का पालन, संतुलित खान-पान तथा प्राकृतिक चिकित्सा पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में सरपंच कृष्णदेव, मुखिया विनय कुमार, ओमप्रकाश, सरपंच साह एवं शशिभूषण मंडल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। कार्यक्रम का मंच संचालन मंत्री गोपालकांति और रीता गुप्ता ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र