हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिला प्रशासन का तिरंगा यात्रा 12 अगस्त को

 


अररिया 07 अगस्त(हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस एवं वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने पर हर घर तिरंगा अभियान के सफल संचालन एवं व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारी की जा रही है।

अभियान 9 अगस्त से 17 अगस्त तक जिले भर में संचालित होगा। इसको लेकर जिला पदाधिकारी विनोद दूहन द्वारा आदेश जारी कर संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये गए हैं।

इस अवसर पर प्रत्येक परिवार तक राष्ट्रीय ध्वज उपलब्ध कराने, अधिकतम घरों एवं संस्थानों पर तिरंगा फहराने, राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान एवं उसके सही उपयोग के प्रति आमजन को जागरूक करने के साथ-साथ वंदे मातरम् गीत के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अभियान के दौरान जिला और प्रखंड स्तर पर तिरंगा वितरण, तिरंगा यात्रा, बाइक एवं साइकिल रैली, वंदे मातरम् का सामूहिक गायन, तिरंगा रंगोली प्रतियोगिता, सरकारी भवनों पर त्रिवर्णीय रोशनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा सेल्फी विद तिरंगा जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अभियान में विद्यालयों, महाविद्यालयों, जीविका दीदियों, पंचायत प्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों, भारत स्काउट एवं गाइड, एनसीसी, एनएसएस, माय भारत के स्वयंसेवकों, खेल क्लबों, युवा संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, नागरिक समाज, व्यापार एवं उद्योग संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक प्रखंड में लगभग 4 हजार राष्ट्रीय ध्वज वितरित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

पंचायत प्रतिनिधियों, जीविका दीदियों एवं स्थानीय संस्थाओं के माध्यम से प्रत्येक घर तक राष्ट्रीय ध्वज पहुंचाने तथा लोगों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

12 अगस्त को सुबह 10 बजे जिला स्तरीय तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। यह यात्रा जिला अतिथि गृह से प्रारंभ होकर काली मंदिर चौक होते हुए नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा तक जाएगी।

अभियान के प्रभावी संचालन के लिए जिला स्तरीय अनुश्रवण समिति का गठन किया गया है। साथ ही सभी पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

शिक्षा विभाग को सभी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने, प्रभात फेरी, राष्ट्रगान, वंदे मातरम्, देशभक्ति गीत, चित्रकला, रंगोली, निबंध एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं जीविका दीदियों को प्रत्येक परिवार एवं आसपास के अन्य परिवारों को तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करने तथा पंचायत स्तर पर जन-जागरूकता अभियान चलाने की जिम्मेदारी दी गई है।

पुलिस प्रशासन को तिरंगा यात्रा के दौरान सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, यातायात एवं पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर