सीवान में 9 से 17 अगस्त तक चलेगा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान

 


सीवान, 08 अगस्त (हि.स.)। जिले में इस वर्ष ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष की थीम पर ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ आयोजित किया जायेगा।

9 से 17 अगस्त तक चलने वाले अभियान को लेकर जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने शनिवार को समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक की।

उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को अभियान को प्रभावी बनाने और अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

अभियान के तहत जिले के प्रत्येक घर, कार्यालय और सार्वजनिक स्थल पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए लोगों को प्रेरित किया जायेगा। प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर राष्ट्रीय ध्वज की उपलब्धता और वितरण सुनिश्चित करने के साथ विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं सार्वजनिक संस्थानों में देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे।

अभियान के दौरान तिरंगा एवं वंदे मातरम् पर प्रदर्शनी, तिरंगा रैली एवं यात्रा, तिरंगे के साथ सेल्फी अभियान, तिरंगा रंगोली, वंदे मातरम् का सामूहिक गायन सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। सरकारी भवनों एवं प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा थीम पर प्रकाश सज्जा भी की जायेगी। बाजारों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर आम लोगों को अभियान से जोड़ा जायेगा।

अभियान के तहत जीविका के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज की खरीद की जायेगी। प्रत्येक प्रखंड में न्यूनतम चार हजार झंडे उपलब्ध कराये जायेंगे। इन झंडों का वितरण पंचायत प्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों, आशा कार्यकर्ताओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से आम लोगों के बीच कराया जायेगा। लोगों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए भी प्रोत्साहित किया जायेगा।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले के सभी सरकारी कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, ग्राम पंचायतों, नगर निकायों, बाजारों एवं प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर कार्यक्रमों की तैयारी समय से पूरी कर ली जाये।

अभियान के दौरान आयोजित कार्यक्रमों के फोटो और वीडियो का विभागवार एवं प्रखंडवार संकलन कराने का निर्देश भी दिया गया। जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी को जीविका के माध्यम से झंडों की खरीद कर प्रत्येक प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी को उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी दी गयी है। वहीं, प्रखंड विकास पदाधिकारियों को झंडों का वितरण सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma