हर घर तिरंगा यात्रा के साथ श्रमदान व पौधारोपण

 


किशनगंज, 14 अगस्त (हि.स.)। प्रखंड किशनगंज के महीन गांव स्थित यूएचएस विद्यालय परिसर में शुक्रवार को हर घर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगा यात्रा, श्रमदान एवं एक पेड़ मां के नाम कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए राष्ट्रप्रेम, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम की शुरुआत तिरंगा यात्रा से हुई। विद्यालय परिसर से निकली यात्रा में शामिल लोगों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति के नारों के साथ लोगों को हर घर तिरंगा अभियान के प्रति जागरूक किया।

तिरंगा यात्रा के बाद विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में श्रमदान किया गया। लोगों ने स्वच्छता अभियान में भाग लेते हुए परिसर को साफ-सुथरा रखने का संकल्प लिया। इसके बाद एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला परियोजना पदाधिकारी, नमामि गंगे (जिला गंगा समिति), किशनगंज उपस्थित रहे। वहीं पंचायती राज के मुखिया अशोक पासवान, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, शिक्षक एवं अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।

मुख्य अतिथि ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें आम लोगों की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील की।

उन्होंने स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर भी जोर दिया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने स्वच्छ, हरित एवं सुंदर समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से राष्ट्रप्रेम, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की भावना को मजबूत करना रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह