एसएसबी का हर घर तिरंगा अभियान के तहत विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित
अररिया 12 अगस्त(हि.स.)।
एसएसबी 56 वीं बटालियन की ओर से मुख्यालय समेत अधीनस्थ समस्त सीमा चौकी पर बुधवार को स्वतंत्रता दिवस को लेकर हर घर तिरंगा अभियान और वंदे मातरम गीत के 150 वर्ष पूरा होने पर विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
सभी कार्यक्रम एसएसबी 56 वीं बटालियन के द्वितीय कमान अधिकारी एवं कमांडिंग ऑफिस नितिन कुमार गुप्ता के नेतृत्व में किया गया।एसएसबी के इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं और स्थानीय नागरिकों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और हर घर तिरंगा के प्रति जागरूकता तथा एकजुटता का संदेश को बढ़ावा देना रहा।
सुबह वंदे मातरम् के गीत के बाद,भारत माता के जयकारा लगाया गया और स्कूली छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं स्थानीय लोगों के साथ हर घर तिरंगा अभियान के तहत अपने अपने घरों पर तिरंगा लगाने हेतु जागरूक करने को लेकर तिरंगा यात्रा निकाला गया।जिसमें विभिन्न स्कूलों के हजारों बच्चों के साथ एसएसबी के अधिकारी,जनप्रतिनिधि और ग्रामीण शामिल हुए।
बटालियन के डी समवाय बेला कार्य क्षेत्र अंतर्गत आने वाले उच्च माध्यमिक विद्यालय, बेला में एसएसबी कार्मिकों एवं छात्र-छात्राओं की सहभागिता से देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं तिरंगे से संबंधित विषयों पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।प्रतियोगिता के दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं तिरंगे के सम्मान से संबंधित विभिन्न विषयों पर आकर्षक चित्र बनाए गए तथा अपनी रचनात्मकता के माध्यम से राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रदर्शित किया गया। अंत में प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए पुरस्कार वितरण किया गया तथा उनके मनोबल को बढ़ाया गया।
विभिन्न स्थानों पर वंदे मातरम् गीत का सामूहिक गायन के साथ राष्ट्रीय ध्वज को लेकर निबंध और भाषण प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया और एसएसबी के अधिकारियों के द्वारा सफल प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर