गुठनी में 16.81 ग्राम स्मैक के साथ यूपी के दो तस्कर गिरफ्तार, बाइक व दो मोबाइल जब्त

 


सीवान, 13 नवंबर (हि.स.)। गुठनी थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 16.81 ग्राम स्मैक के साथ उत्तर प्रदेश के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के पास से स्मैक के अलावा दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गयी है।

दोनों आरोपित उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के बनकटा थाना क्षेत्र के आईठी गांव के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार 13 नवंबर को गुठनी थाना को गुप्त सूचना मिली कि भुलौली गांव की ओर से दो व्यक्ति मोटरसाइकिल पर स्मैक लेकर डरैला चिमनी भट्ठा के रास्ते जाने वाले हैं। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सुनील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डरैला चिमनी भट्ठा के समीप वाहन जांच शुरू कर दी।

इसी दौरान भुलौली की ओर से एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो व्यक्ति पहुंचे। पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन पुलिस को देखते ही दोनों मोटरसाइकिल घुमाकर भागने लगे। हालांकि, मौके पर मौजूद सशस्त्र बल के सहयोग से पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान सुजीत कुमार पासवान के पैंट की जेब से सफेद पॉलिथीन में रखा 10 ग्राम स्मैक और एक मोबाइल बरामद किया गया।

दूसरे आरोपी पंकज कुमार के पास से सफेद कागज में रखी छह पुड़िया में कुल 6.81 ग्राम स्मैक और एक मोबाइल मिला। इस तरह पुलिस ने कुल 16.81 ग्राम स्मैक बरामद की। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सुजीत कुमार पासवान, पिता गंगाविष्णु पासवान और पंकज कुमार, पिता सत्येंद्र प्रसाद गोड़, दोनों निवासी आईठी, थाना बनकटा, जिला देवरिया (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8(सी)/21(बी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma