छपरा के कटरा बाजार में गुरु दक्षिणा कार्यक्रम संपन्न

 

सारण, 09 अगस्त (हि.स.)। कटरा बाजार स्थित बाबा मनोकामना नाथ मंदिर परिसर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा गुरु दक्षिणा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें स्वयंसेवकों ने भाग लेकर भगवा ध्वज को नमन किया और राष्ट्र के प्रति अपना समर्पण व्यक्त किया।

कार्यक्रम में प्रार्थना और ध्वज गीत रंजीत ने प्रस्तुत किया, जबकि व्यवस्था सचिंद्र उपाध्याय ने संभाली। मुख्य वक्ता सत्य प्रकाश ने भगवा ध्वज को संघ का परम गुरु बताया। उन्होंने कहा कि संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने पर अगले 25 वर्षों के लिए पंच परिवर्तन का संकल्प लिया गया है।

धर्म प्रचार प्रसार प्रमुख अरुण पुरोहित ने बताया कि सावन मास में गुरु पूर्णिमा से 15 दिनों तक गुरु उत्सव मनाया जाता है। उन्होंने कहा सबसे बड़ा धर्म राष्ट्र धर्म है। चरित्र निर्माण और राष्ट्रभक्ति सीखने के लिए संघ की शाखा से जुड़ना आवश्यक है।

इस अवसर पर पूर्व प्राचार्य अरुण कुमार सिंह, प्रो. श्याम शरण, उदय प्रताप सिंह, रामावतार चौधरी, अशोक दुबे व उदय श्रीवास्तव सहित कई स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार