अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी में स्कूल चलो अभियान पर जोर
अररिया 27 जून(हि.स.)।
फारबिसगंज के तिरसकुंड पंचायत के प्राथमिक विद्यालय आदिवासी टोला मधुरा में शनिवार कोअभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने भाग लेकर बच्चों की शिक्षा, विद्यालय की गतिविधियों तथा ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान दिए गए गृहकार्य एवं कॉपी जांच की जानकारी प्राप्त की।
संगोष्ठी का संचालन वरीय एवं पूर्व प्रधानाध्यापक कुमार राजीव रंजन ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में स्कूल चलें अभियान एवं हर बच्चे को स्कूल से जोड़ें कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी अभिभावकों से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे का विद्यालय में नियमित नामांकन एवं उपस्थिति सुनिश्चित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा नामांकन जागरूकता प्रभात फेरी निकाली गई, जिसके माध्यम से ग्रामीणों को अपने बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराने तथा नियमित रूप से विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया गया।
संगोष्ठी में विद्यार्थियों ने गीत, कविता एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को शिक्षकों द्वारा कलम भेंट कर सम्मानित एवं उत्साहित किया गया।
विद्यालय के फोकल, सह कवि एवं संगीत शिक्षक संजीत कुमार निगम ,रंजीत कुमार मंडल ने बच्चों को विभिन्न संगीत वाद्ययंत्रों का परिचय कराया तथा संगीत का प्रशिक्षण देकर उनकी कलात्मक प्रतिभा को निखारने का प्रयास किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर