अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी में बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति पर जोर

 


अररिया 04 जुलाई(हि.स.)।

प्रखंड क्षेत्र के तिरसकुंड पंचायत के प्राथमिक विद्यालय आदिवासी टोला, मधुरा में शनिवार को अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की छात्रा मुस्कान हेंब्रम की माता शनिचरी देवी ने की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरीय शिक्षक कुमार राजीव रंजन ने कहा कि संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य विद्यालय में बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करना है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे नियमित रूप से अपने बच्चों को विद्यालय भेजें, ताकि उनका सर्वांगीण विकास हो सके।

प्रधान शिक्षक मिथिलेश कुमार सिंह ने कहा कि विद्यालय की प्रगति में अभिभावकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे प्रतिदिन शाम को अपने बच्चों की कॉपियाँ अवश्य जांचें तथा विद्यालय में पढ़ाए गए कार्यों की जानकारी लें। इससे सरकारी विद्यालयों के प्रति समाज में फैली भ्रांतियाँ दूर होंगी और अधिक से अधिक बच्चे विद्यालय से जुड़ेंगे।

इस अवसर पर फोकल शिक्षक संजीत कुमार निगम ने सुरक्षित शनिवार कार्यक्रम के अंतर्गत बाढ़ से बचाव विषय पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने संभावित आपदा की स्थिति में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों का मॉक ड्रिल भी कराया।

कार्यक्रम में विद्यालय शिक्षा समिति के सदस्यों सहित दर्जनों अभिभावकों ने भाग लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर