पर्व को लेकर जीआरपी और आरपीएफ का संयुक्त अभियान, रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा कड़ी

 


कटिहार, 07 नवंबर (हि.स.)। आगामी पर्व-त्योहारों के मद्देनजर रेल यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे परिसर में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से रेल पुलिस (जीआरपी) एवं रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने संयुक्त रूप से विशेष सुरक्षा जांच अभियान चलाया है। इस अभियान के तहत रेलवे स्टेशन, सर्कुलेटिंग एरिया, सभी प्लेटफॉर्मों तथा ट्रेनों में सघन जांच-पड़ताल की जा रही है, ताकि त्योहारी भीड़ के बीच यात्रियों की सुगम एवं सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित की जा सके।

संयुक्त टीम द्वारा स्टेशन परिसर में आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों, उनकी गतिविधियों और सामानों की गहन तलाशी ली जा रही है। सुरक्षा बलों द्वारा असामाजिक और आपराधिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जा रही है। इसके साथ ही प्लेटफॉर्म पर खड़ी एवं गुजरने वाली ट्रेनों की बोगियों में पहुंचकर यात्रियों के सामान की जांच की जा रही है और परिसर के संवेदनशील स्थानों पर जवानों की मुस्तैदी बढ़ा दी गई है।

जांच अभियान के साथ-साथ रेल पुलिस यात्रियों को जागरूक भी कर रही है। जवानों ने यात्रियों से सतर्क रहने, यात्रा के दौरान किसी भी अपरिचित व्यक्ति से खाने-पीने की चीजें न लेने और जहरखुरानी गिरोह से सावधान रहने की अपील की। इसके अलावा यदि कोई लावारिस बैग, संदिग्ध वस्तु या अवांछित गतिविधि दिखे, तो उसकी सूचना तत्काल ऑन-ड्यूटी पुलिसकर्मियों या रेलवे हेल्पलाइन पर देने को कहा गया है।

जीआरपी और आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों के दौरान ट्रेनों और स्टेशनों पर यात्रियों का अत्यधिक दबाव रहता है। इसी को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त की गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षित एवं भयमुक्त यात्रा के लिए यह संयुक्त विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह