माणिक सरकार घाट के पास जमीन धंसी, कई मकानों में आई दरार
भागलपुर, 13 मई (हि.स.)। शहर के माणिक सरकार घाट इलाके में एक बार फिर जमीन धंसने की घटना सामने आई है जिससे करीब 50 घरों के लोग दहशत में हैं।
अचानक जमीन धंसने से कई मकानों में बड़ी दरारें आ गई हैं और पूरे मोहल्ले में भय का माहौल बन गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हालात ऐसे हो गए हैं, कि लोग अपने ही घरों में कैद होकर रह गए हैं। मोहल्ले वासियों के अनुसार, कुछ महीने पहले भी इसी इलाके में जमीन धंसने की घटना हुई थी, जिसमें कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए थे। उस समय लोग आनन-फानन में अपने घर खाली कर दूसरे स्थानों पर शिफ्ट हुए थे। लेकिन घटना के बाद प्रशासन द्वारा स्थायी समाधान नहीं किए जाने के कारण अब दोबारा वही स्थिति उत्पन्न हो गई है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि इलाके के नालों का पानी सही तरीके से निकासी नहीं होने के कारण जमीन लगातार कमजोर हो रही है। बारिश और जलजमाव की वजह से मिट्टी धंस रही है, जिससे मकानों पर खतरा बढ़ता जा रहा है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है। लोग प्रशासन से जल्द स्थायी समाधान और सुरक्षित पुनर्वास की मांग कर रहे हैं, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर