नशे के खिलाफ राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली का किशनगंज में होगा भव्य स्वागत

 

किशनगंज, 13 अक्टूबर (हि.स.)। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर नशे के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली का आयोजन किया जा रहा है। गुजरात के एकता नगर स्थित केवड़िया में ‘फाइट अगेंस्ट ड्रग्स’ विषय पर आयोजित होने वाली इस रैली में पूर्वोत्तर भारत के आठ राज्यों की टीमें हिस्सा लेंगी।

किशनगंज पुलिस एवं जिला प्रशासन के सौजन्य से इन टीमों का जिले में भव्य स्वागत किया जाएगा।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 14 अक्टूबर 2026 को पूर्वोत्तर के आठ राज्यों त्रिपुरा, मिजोरम, मेघालय, मणिपुर, असम, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड और सिक्किम की मोटरसाइकिल रैली टीमें अपने-अपने शुरुआती स्थानों से रवाना होकर किशनगंज के रास्ते बिहार में प्रवेश करेंगी। यहां से ये टीमें पूर्णिया सहित निर्धारित मार्ग से आगे बढ़ेंगी।

राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली की टीम के किशनगंज पहुंचने पर 14 अक्टूबर को फरिंगगोला चेकपोस्ट पर भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद खगड़ा स्थित शहीद अशफाकउल्ला खां स्टेडियम में टीम के स्वागत एवं सम्मान समारोह का आयोजन होगा। इस दौरान रैली के माध्यम से नशामुक्त भारत का संदेश जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया जाएगा। किशनगंज से प्रस्थान करने के बाद रैली की टीमें पूर्णिया, बेगूसराय और भोजपुर जिले होते हुए गुजरात के एकता नगर स्थित अपने गंतव्य की ओर बढ़ेंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 26 और 27 अक्टूबर 2026 को सभी टीमें केवड़िया में एकत्रित होंगी। यह आयोजन नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सहभागिता का संदेश देने के उद्देश्य से किया जा रहा है।

राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली के जरिए युवाओं को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया जाएगा। किशनगंज में होने वाला स्वागत समारोह इस अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह